सिद्धिदात्री और हिंगलाजगढ़ में नवरात्र अनुष्ठान, उमड़ रहे श्रद्धालु

अखंड ज्योति के दर्शन और मां भगवती की आराधना के लिए देवपहरी पहुंच रहे भक्त

कोरबा।आश्विन नवरात्र के अवसर पर कोरबा जिले के दूरस्थ देवपहरी स्थित सिद्धिदात्री देवी मंदिर और हिंगलाजगढ़ में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। यहां मां भगवती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। स्थानीय विद्यार्थियों, ग्रामीणों और दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा है।

मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और आरती से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ है। हिंगलाजगढ़ की प्रतीकात्मक ज्योति के साथ देश के पांच सिद्ध शक्तिपीठों की अखंड ज्योतियां यहां पिछले नवरात्र से प्रज्वलित हैं। इनके दर्शन के लिए श्रद्धालु लगातार देवपहरी पहुंच रहे हैं।

पूजा-अर्चना और साधना से जुड़े अनुष्ठानों में क्षेत्र के ग्रामीणों और मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता है।

कोरबा के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी मातृशक्ति ने भी मंदिर पहुंचकर सेवा कार्यों में योगदान दिया। श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। नवरात्र की षष्ठी तिथि पर कोरबा से पहुंचे भक्तों ने सिद्धिदात्री देवी के दरबार में पूजन-अर्चन कर अखंड ज्योतियों के दर्शन किए और सभी के कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर सेवा धाम के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, संस्थापक अध्यक्ष श्रेष्ठ सिंह ठाकुर, जिला कार्यवाह कैलाश नाहक, हरजीत सिंह भाटिया, मणि शंकर तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता राम किशोर श्रीवास्तव, डॉ. देवाशीष मिश्रा सहित मातृशक्ति से श्रीमती शशि ठाकुर, श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास्तव, श्रीमती जगजीत भाटिया, सविता गर्ग, सुनीता गर्ग और अंजलि ठक्कर उपस्थित रहीं।