मिनीमाता कॉलेज में गरबा की धूम, छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

पारंपरिक वेशभूषा और संगीत से उत्सवमय हुआ परिसर, विजेताओं को मिले पुरस्कार

कोरबा।शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में छात्राओं के लिए गरबा प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी एवं उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन और मां दुर्गा की आरती के साथ किया। इस दौरान मां दुर्गा का पूजन कर सुख-समृद्धि और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

गरबा प्रतियोगिता में छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

रंग-बिरंगे परिधान, पारंपरिक संगीत और गरबा की मनोहारी प्रस्तुतियों से महाविद्यालय परिसर उत्सवी रंग में रंग गया।

छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और सामूहिक सहभागिता से कार्यक्रम को यादगार बनाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस तरह के आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता विकसित करने के साथ सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान बढ़ाते हैं।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती निधि सिंह, डॉ. प्रीति द्विवेदी एवं श्रीमती विभा शुक्ला शामिल थीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्रसंघ समिति की श्रीमती अमिता सक्सेना एवं डॉ. श्रेणी दिवाकर तथा एनईपी संयोजक श्रीमती संध्या पांडे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।