ईंट से हमला कर व्यक्ति की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया, बाल संप्रेषण गृह भेजा

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमूड़ा में विवाद के दौरान ईंट से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नारायण सिंह पोर्ते (44) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर उपजेल कटघोरा भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल उसके दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

विवाद के दौरान सिर और कनपटी पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच ग्राम जमनीमूड़ा में कुसाल सिंह कंवर का नारायण सिंह पोर्ते और उसके दो बेटों से विवाद हो गया। विवाद के दौरान ईंट से कुसाल सिंह के सिर और कनपटी पर हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पाली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने गठित की विशेष टीम
घटना की सूचना मिलने पर पाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत और थाना प्रभारी पाली के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

आरोपी को जेल, दोनों बालक बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नारायण सिंह पोर्ते को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर उसे उपजेल कटघोरा भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड कोरबा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेजने के आदेश दिए गए।