एसईसीएल के 33 सुरक्षा प्रहरियों का प्रशिक्षण पूरा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सम्मानित

निदेशक बिरंची दास ने वर्दी को पहचान के साथ अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सुरक्षा प्रहरी बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का समापन समारोह बिलासपुर स्थित मानव संसाधन संस्थान, इंदिरा विहार में आयोजित किया गया। प्रथम बैच के 33 प्रशिक्षुओं ने करीब एक माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

16 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को कंपनी की नीतियों एवं नियमों, सुरक्षा प्रक्रियाओं, हथियार संचालन तथा शारीरिक और मानसिक दक्षता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा प्रहरियों को आवश्यक कौशल और अनुशासन से सुसज्जित कर कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

वर्दी जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक
समापन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि वर्दी कोई सामान्य वस्त्र नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति की पहचान के साथ उसके चरित्र, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने आचरण में संयम, व्यवहार में शालीनता और निर्णय लेते समय विवेक बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग कार्यस्थल पर जिम्मेदारी के साथ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सुरक्षा प्रहरियों की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सम्मानित
समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/सुरक्षा) सुवंकर परिड़ा, महाप्रबंधक (एचआरडी) बी.सी. सेठी, सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर बी. दक्षिणामूर्ति सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक और सहयोगी उपस्थित रहे।