कोरबा।फिल्म ‘हनुमान अंश’ में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्य ने कहा कि हनुमान जी की भक्ति ने उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया है। उन्होंने बताया कि हनुमान जी के प्रति आस्था और नियमित साधना उनके जीवन का अहम हिस्सा बन गई है। फिल्म के दूसरे भाग को लेकर भी योजना बनाई जा रही है, जिसे जल्द दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है।
नगर पालिक निगम कोरबा की ओर से ओपन थिएटर में आयोजित रामलीला में शामिल होने पहुंचे शोभिनव सत्य ने मीडिया संवाद के दौरान अपने व्यक्तिगत जीवन, धार्मिक आस्था और फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनी ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला और फिल्म ने व्यापक पहचान हासिल की। फिल्म की कमाई को लेकर उन्होंने लगभग 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा बताया।
हनुमान चालीसा के नियमित पाठ से जुड़ी आस्था
शोभिनव सत्य ने बताया कि उनका जन्म कायस्थ परिवार में हुआ। फिल्मी दुनिया में आने के दौरान शुभम नाम से उनकी पहचान शोभिनव सत्य के रूप में बनी, जिसमें उनके पिता का नाम भी शामिल है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में उन्होंने हनुमान जी की भक्ति की ओर विशेष रूप से ध्यान देना शुरू किया। उस समय उनकी नानी ने उन्हें सलाह दी थी कि यदि वे भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो मांसाहार छोड़कर सात्विक जीवनशैली अपनाएं।
उन्होंने इस सलाह पर अमल करते हुए मांसाहार से दूरी बनाई और हनुमान चालीसा का नियमित पाठ शुरू किया। धीरे-धीरे यह उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। शोभिनव ने कहा कि वे इसे हनुमान जी की कृपा मानते हैं कि उन्हें ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने का अवसर मिला और वर्ष 2026 उनके लिए नई पहचान लेकर आया।
चित्रकूट में शूटिंग के दौरान के अनुभव किए साझा
अभिनेता ने फिल्म निर्माण के दौरान हुए अनुभवों का उल्लेख करते हुए बताया कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा के निकट चित्रकूट में फिल्म की शूटिंग की गई। इसमें उन्होंने बाबा नीमकरोली का चरित्र निभाया। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान कुछ ऐसे अनुभव हुए, जिनसे उन्हें लगा कि आस्था व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों का सामना करने की प्रेरणा देती है।
कोरबा की स्वच्छता की प्रशंसा करते हुए शोभिनव सत्य ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम के साथ स्थानीय नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव पर बात करते हुए कहा कि भगवान राम, शिव, विष्णु और कृष्ण के प्रति श्रद्धा को अलग-अलग दृष्टि से देखने के बजाय आध्यात्मिक भाव से समझना चाहिए।
कलियुग में मंदिरों में चोरी पर भी रखी बात
मंदिरों में चोरी की घटनाओं से जुड़े सवाल पर शोभिनव सत्य ने कहा कि जब घरों में भी चोरी की घटनाएं हो सकती हैं, तो मंदिरों में ऐसी घटना होना आश्चर्यजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के बावजूद लोगों की आस्था अपने आराध्य के प्रति बनी रहती है। राम, सीताराम और जय श्रीराम जैसे संबोधनों को लेकर उन्होंने कहा कि श्रद्धा का मूल भाव एक ही है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि धार्मिक आस्थाओं को लेकर होने वाली चर्चाओं में क्या हर बात को किसी विशेष नैरेटिव से जोड़कर देखना उचित है।
मीडिया संवाद के दौरान महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ नेता डॉ. राजीव सिंह और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय उपस्थित थे।
आज रामकचहरी पहुंचेंगे शोभिनव सत्य
कार्यक्रम के तहत शोभिनव सत्य 17 अक्टूबर को सुबह बालकोनगर क्षेत्र के फुटका पहाड़ स्थित प्राचीन रामकचहरी स्थल की यात्रा करेंगे। इस यात्रा में आयोजन समिति के प्रतिनिधियों के साथ अधिकारी और स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की योजना है।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, रामायण काल में भगवान श्रीराम का इस क्षेत्र में आगमन हुआ था। जनसुनवाई के लिए यहां चौपाल लगाए जाने की परंपरा से इस स्थान का नाम रामकचहरी पड़ा, ऐसी मान्यता क्षेत्र के लोगों के बीच प्रचलित है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















