बालिका गृह की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए समाज कार्य के विद्यार्थी

एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण में प्रशासनिक व्यवस्था, केस स्टडी और पुनर्वास सेवाओं की ली जानकारी

कोरबा।कमला नेहरू महाविद्यालय,कोरबा के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने अपने पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक कार्यक्रम के तहत बालिका गृह का एक दिवसीय भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्था की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और वहां दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज कल्याण के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। विद्यार्थियों ने बालिका गृह में केस स्टडी के माध्यम से संस्था की गतिविधियों और सेवाओं को समझा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्था के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों, जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया और समस्याओं के समाधान के तरीकों के बारे में जानकारी ली। इस अनुभव से विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिला।

इस शैक्षणिक भ्रमण में समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. विमला सिंह, अतिथि प्राध्यापक श्रीमती कविता पटेल तथा एमएसडब्ल्यू प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।