छात्रों को एआई का स्मार्ट यूजर बनने का दिया मार्गदर्शन

कोरबा।डिजिटल तकनीक के दौर में स्मार्टफोन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का सही एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से कमला नेहरू महाविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा बुधवार को डिजिटल जागरूकता पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।

इसमें विद्यार्थियों को तकनीक का समझदारी से उपयोग करने और डिजिटल दुनिया में जागरूक यूजर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में ब्रह्माकुमारी संस्था की लीना एवं लवली ने छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने स्मार्टफोन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए तकनीक का सही दिशा में इस्तेमाल करने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि डिजिटल साधनों का उपयोग जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए, ताकि उनका अधिकतम लाभ लिया जा सके।

कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने ध्यान का अभ्यास भी कराया और इसके महत्व से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान मानसिक एकाग्रता और आंतरिक शांति बनाए रखने में सहायक हो सकता है। कार्यक्रम में डिजिटल जागरूकता के साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर भूगोल विभागाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, वाणिज्य विभागाध्यक्ष बी.के. वर्मा, कंप्यूटर साइंस विभाग से डॉ. बीना विश्वास, अनिल राठौर, आशुतोष शर्मा, अभिषेक तिवारी और सुश्री सुधा जायसवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।