ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जैलगांव चौक पर जुटे कांग्रेसी, एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल

कोरबा।मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विवाद के बीच ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दर्री-जमनीपाली ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जैलगांव चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर और ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था पर निर्भर करती है। उन्होंने एसआईआर को लेकर उठ रहे सवालों के बीच निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सामने आ रही आशंकाओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि जनता के मन में किसी प्रकार का संदेह न रहे।

वहीं, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है। निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।

प्रदर्शन में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, गजानंद साहू, ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, महामंत्री रवि सिंह चंदेल, गिरधारी बरेठ, पार्षद अयोध्या मस्तुल सिंह कंवर, सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह, मोहम्मद यासीन, संगीता श्रीवास, सीमा कुर्रे, मस्तूल सिंह कंवर, बी.सी. नामदेव, बिसाहू दास, डी.आर. नेताम, मनीराम साहू और शशि साहू सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।