सरस्वती विद्यालय के विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य का पाठ पढ़ाया गया

कोरबा। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, एचटीपीपी दर्री में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी देते हुए अपने मन की स्थिति को समझने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और जरूरत पड़ने पर उचित मार्गदर्शन लेने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी, नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य और जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में ताराचंद श्रीवास एवं तृप्ति ब्रह्माणी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। पढ़ाई, दैनिक जीवन और आपसी संबंधों में आने वाले तनाव को समझना तथा समय रहते उचित सलाह लेना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक एवं भावनात्मक परेशानियों को लेकर जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर परिवार, शिक्षकों अथवा संबंधित विशेषज्ञों से मदद लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।उन्हें समझाया गया कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बात करना और सही मार्गदर्शन प्राप्त करना सकारात्मक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।