रामपुर में 17 अक्टूबर को राम- जानकी मंदिर का भूमिपूजन करेंगे मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का किया निरीक्षण

कोरबा। कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामपुर में भगवान श्रीराम और माता जानकी को समर्पित भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। मंदिर निर्माण की आधारशिला 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रखेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

ग्रामीणों की पहल पर होगा मंदिर का निर्माण

ग्राम रामपुर में श्रीराम-जानकी मंदिर के निर्माण की पहल स्थानीय निवासी विवेक महाराज एवं नंदे परिवार तथा रामकुमार गवेल एवं गवेल परिवार के नेतृत्व में की गई है। मंदिर निर्माण की खबर से रामपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों में खुशी है। नवरात्र के अवसर पर प्रस्तावित भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

ग्रामीणों के लिए यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। मंदिर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है। भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,अनुविभागीय दंडाधिकारी और तहसीलदार सहित अधिकारियों ने ग्रामवासियों के साथ कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम के दौरान आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा सकें।

17 अक्टूबर को होने वाले भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर गांव में तैयारियों का सिलसिला जारी है। स्थानीय स्तर पर आयोजन की व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं और ग्रामीण कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं।