मोबाइल दुकान दूसरी बार निशाने पर, 60 हजार का सामान पार

छत का पैराफिट तोड़कर घुसे चोर, डीजे सिस्टम और कैमरे का डीवीआर भी ले गए;पिछली चोरी का अब तक नहीं मिला सुराग

कोरबा/बांकीमोगरा। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बांकीमोगरा थाना क्षेत्र के 4 नंबर मेन रोड स्थित दीप्ति मोबाइल शॉप को अज्ञात चोरों ने दूसरी बार निशाना बनाया। चोर दुकान की छत का पैराफिट तोड़कर अंदर घुसे और डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा तथा डीवीआर की हार्ड डिस्क सहित करीब 50 से 60 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। एक ही दुकान में दोबारा चोरी की वारदात सामने आने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक, तब चला चोरी का पता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक सरवन साहू बुधवार सुबह करीब 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे। इस दौरान उन्हें छत के ऊपरी हिस्से में लगा टीन खुला मिला। दुकान के भीतर जाकर जांच करने पर सामान गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। चोर दुकान से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान लेकर फरार हो चुके थे।


पहली चोरी का खुलासा नहीं, फिर उसी दुकान में वारदात
बताया जा रहा है कि दीप्ति मोबाइल शॉप में पहले भी चोरी हो चुकी है। हालांकि, पिछली घटना में आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाया था। अब दोबारा उसी दुकान को निशाना बनाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। व्यापारियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि पिछली घटना के बाद भी चोरों ने फिर से वारदात को कैसे अंजाम दे दिया।

मौके पर मिले लोहे के औजार
घटनास्थल पर हंसिया और एल-आकार का लोहे का औजार मिलने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि चोरी के दौरान इनका इस्तेमाल किया गया होगा। हालांकि, इन औजारों का वारदात से संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

अपराध दर्ज, अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर बांकीमोगरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दुकान संचालक की शिकायत पर अपराध क्रमांक 211/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।

एक ही दुकान में दोबारा चोरी और पिछली घटना का खुलासा नहीं होने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करने, चोरी गए सामान की बरामदगी करने और मामले का खुलासा करने की चुनौती है।