कोरबा।एसईसीएल की विकासनगर रेजिडेंशियल कॉलोनी में शारदीय नवरात्र का उत्सव भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। नवदुर्गा उत्सव समिति की ओर से आकर्षक पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उत्सव की कड़ी में 20 अक्टूबर को प्रसिद्ध गायिका गरिमा दिवाकर और स्वर्णा दिवाकर देवी गीतों की संगीतमय प्रस्तुति देंगी।
आस्था और भक्ति से सराबोर हुआ कोयलांचल
नवरात्र के अवसर पर विकासनगर, कुसमुंडा और आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। पंडाल में सुबह-शाम पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक गतिविधियां जारी हैं। समिति द्वारा प्रतिदिन प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, डांडिया नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्सव की रौनक बढ़ा रहे हैं।
देवी गीतों की प्रस्तुति का रहेगा विशेष आकर्षण
नवदुर्गा उत्सव को यादगार बनाने के लिए मंगलवार, 20 अक्टूबर को गरिमा दिवाकर और स्वर्णा दिवाकर अपनी मधुर आवाज में देवी गीत प्रस्तुत करेंगी। उनके संगीतमय कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है।
आयोजन समिति द्वारा नवरात्र के दौरान धार्मिक परंपराओं के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को उत्सव से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। देवी गीतों की प्रस्तुति के दौरान भक्तिमय माहौल और अधिक उल्लासपूर्ण होने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















