साइबर चौपाल में ठगी से बचाव का संदेश,पुलिस ने रक्तदान से दिया मानवता का संदेश

कोरबा।साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा साइबर चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी देते हुए साइबर अपराध से बचाव के जरूरी उपाय बताए गए। इसी दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों ने रक्तदान कर सामाजिक सेवा का संदेश भी दिया।

ओटीपी और बैंक की जानकारी साझा नहीं करने की अपील

साइबर चौपाल में लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, एटीएम, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचने तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।

पुलिस ने फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में भी लोगों को सावधान किया। बताया गया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि में जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देने के बजाय उसकी पुष्टि करना जरूरी है।

पुलिस अधिकारियों ने किया रक्तदान
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के साथ आयोजित रक्तदान शिविर में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने रक्तदान किया। पुलिस अधिकारियों के रक्तदान से साइबर सुरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा का संदेश भी सामने आया।

ठगी होते ही 1930 पर करें संपर्क
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि वे साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध की जानकारी जितनी जल्दी दी जाएगी, उतनी ही जल्दी संबंधित लेन-देन और मामले की जांच के लिए कार्रवाई शुरू की जा सकती है।