“भौम पुष्य नक्षत्र पर बच्चों को मिलेगा स्वर्ण बिंदु प्राशन, 18 वर्ष तक के बच्चों का होगा नि:शुल्क परीक्षण”

कोरबा। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 8 सितंबर को भौम पुष्य नक्षत्र के अवसर पर स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में किया जाएगा।

‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आयोजित इस अभियान में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय संयुक्त रूप से भागीदारी करेंगे।

18 वर्ष तक के बच्चों को दी जाएगी ड्रॉप्स
संस्थान के संचालक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। इसे आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान बच्चों का नि:शुल्क चिकित्सकीय परीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उपयोगी आहार-विहार संबंधी जानकारी दी जाएगी।

अभिभावकों से सहभागिता की अपील
आयोजकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचें और आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का लाभ उठाएं।

अभियान का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना है।