चार दिन में सड़क सुधार की मांग, गोंगपा ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कोरबा। पसान से जटगा तक प्रधानमंत्री सड़क की बदहाली को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने मोर्चा खोल दिया है। जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर गोंगपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने प्रशासन को चार दिन का अल्टीमेटम देते हुए 10 सितंबर को जटगा चौक पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
गोंगपा ब्लॉक अध्यक्ष दीनू आयाम एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि जटगा से घुमईडांड, बेलवाही, सासिन, बासिन और सिंदुरगढ़ तक प्रधानमंत्री सड़क कई महीनों से जर्जर हालत में है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि सड़क की खराब हालत का असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के आवागमन पर भी पड़ रहा है। जर्जर मार्ग पर आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है, बावजूद इसके सड़क सुधार को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
गोंगपा पदाधिकारियों ने कहा कि इस समस्या से पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो 10 सितंबर को जटगा चौक पर चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















