निरीक्षण में मिली अनियमितता,तीन अन्य कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस
कोरबा। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक, उर्वरक और कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने विक्रय प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में करतला विकासखंड क्षेत्र में ब्लॉक स्तरीय निरीक्षण दल ने उर्वरक एवं कीटनाशक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पचपेड़ी स्थित न्यू मेमन कृषि केंद्र में अनियमितता पाए जाने पर कीटनाशक दवाओं की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध के बाद प्रतिष्ठान से कीटनाशक दवाओं की बिक्री नहीं की जा सकेगी।
निरीक्षण दल ने दुकानों में उपलब्ध कीटनाशकों के स्टॉक, मूल्य सूची, विक्रय अभिलेख, अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) और भंडारण व्यवस्था की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान जहां भी कमियां और अनियमितताएं सामने आईं, वहां कृषि विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इसी क्रम में संतोष कुमार कश्यप कृषि केंद्र, सन्डैल, जय मां मड़वारानी कृषि केंद्र तथा किसान कृषि केंद्र, मड़वारानी में निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से कृषि सामग्री विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और विक्रय में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















