पीएम मोदी के फैसलों और सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त होने से विपक्ष का एजेंडा बेनकाब : गोपाल मोदी

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध, विपक्ष ने छात्रों के मुद्दे पर की राजनीति

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने नीट पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित कड़े कदमों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हालिया घटनाक्रम ने विपक्ष के राजनीतिक चरित्र और उसके कथित “भारत विरोधी एजेंडे” को पूरी तरह उजागर कर दिया है।

गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए त्वरित और ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन, पेपर लीक के दोषियों के लिए 5 से 10 वर्ष तक की सजा, सख्त जमानत प्रावधान और दोषी पाए जाने पर संबंधित कोचिंग संस्थानों को बंद करने जैसे कड़े कानून की दिशा में कार्य शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार के सकारात्मक रुख और ठोस पहल के बाद सोनम वांगचुक ने भी अपना अनशन समाप्त कर दिया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का उद्देश्य छात्रों को न्याय दिलाना नहीं, बल्कि उनके मुद्दे पर राजनीति कर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाना था। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए, तब विपक्ष का वास्तविक चेहरा जनता के सामने आ गया।

गोपाल मोदी ने कहा कि देश के युवा यह अच्छी तरह समझते हैं कि उनके भविष्य की चिंता कौन कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए उनके मुद्दों का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार हर मेधावी छात्र के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।