रविदास जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू, तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर बनी रणनीति

जिला स्तरीय कार्यशाला में सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश, कार्यकर्ताओं ने लिया जन-जन तक पहुंचने का संकल्प

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, टी.पी. नगर कोरबा में शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी एवं कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की उपस्थिति में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत बैठक कर संगठनात्मक रणनीति तय की गई।

कार्यशाला में वक्ताओं ने संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा के संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और समरस समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

बैठक में आगामी तिरंगा यात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए मंडलवार जिम्मेदारियां तय की गईं।

पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रभक्ति के इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग, संजय शर्मा, मंजू सिंह, रेणुका राठिया, रुक्मणी नायर, डॉ. विजय राठौर, नवीन मार्कंडेय, राजेश लहरे सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्र प्रथम की भावना तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।