कटघोरा बस स्टैंड में जलभराव से बढ़ी परेशानी, टूटी नालियों और गंदगी से यात्री हलाकान

कोरबा। कटघोरा बस स्टैंड परिसर में गंदगी के साथ अब जल निकासी व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियों का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से बारिश का पानी परिसर में ही जमा हो रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण हालात और भी गंभीर हो गए हैं।

बस स्टैंड में जगह-जगह जलभराव होने से बस ऑपरेटरों, एजेंटों, दुकानदारों और प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के ठहराव से पूरे परिसर में दुर्गंध फैल रही है, जिससे वातावरण अस्वच्छ हो गया है। वहीं मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका समय-समय पर स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल की नियमित सफाई और नालियों की मरम्मत की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त नालियों की तत्काल मरम्मत कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बस स्टैंड परिसर में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को जलभराव, गंदगी और दुर्गंध की समस्या से राहत मिल सके।