पतरापाली मार्ग पर हादसा, रातभर पानी में पड़ा रहा शव; पुलिस ने शुरू की जांच
कोरबा। बरसात के मौसम में सड़क पर जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। कटघोरा क्षेत्र में ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सड़क किनारे भरे पानी में बाइक गिरने से चालक की डूबकर मौत हो गई।
मृतक की पहचान राम सिंह नेटी (52 वर्ष), निवासी जेजरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बीती रात वह अपनी बाइक से जेजरा से पतरापाली मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पतरापाली रोड पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे भरे पानी में जा गिरी।
रात का समय होने और पानी अधिक गहरा होने के कारण राम सिंह पानी से बाहर नहीं निकल सके, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह राहगीरों को हुई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की जांच अधिकारी प्रियंका अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के बीच वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और जलभराव वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

