कोरबा। लगातार हो रही बारिश के बीच कोरबा सब डिवीजन के ग्रामीण क्षेत्र में रेलवे कॉरिडोर निर्माण कार्य के दौरान बनाई गई IRCON (इंडियन रेलवे कंस्ट्रक्शन) की सर्विस रोड बह जाने से डोंगाआमा-फत्तेगंज मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क कटने से जहां हजारों ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है, वहीं करीब 20 एकड़ कृषि भूमि में बारिश का पानी भर जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिले में रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य IRCON द्वारा किया जा रहा है। परियोजना के तहत ग्रामीणों की आवाजाही के लिए बनाई गई सर्विस रोड हाल की तेज बारिश में बह गई। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क कटने से बहकर आया पानी आसपास के खेतों में भर गया, जिससे करीब 20 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। इससे खरीफ सीजन की तैयारियों पर भी असर पड़ा है और किसानों की चिंता बढ़ गई है।
डोंगाआमा-फत्तेगंज मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान और आम नागरिक आवागमन करते हैं। मार्ग बंद होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
मामले में जब IRCON के साइट इंचार्ज एस.पी. सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसी से क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक राहत प्रदान करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

