छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सुभाष चौक पर प्रदर्शन, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की; निष्पक्ष जांच की मांग
कोरबा।नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को कोरबा में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने जोरदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर निहारिका स्थित सुभाष चौक में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की
प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कार्यकर्ताओं ने अचानक प्रधानमंत्री का पुतला निकालकर उसमें आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिस ने पुतला छीनने और आग बुझाने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और खींचतान होती रही। बाद में वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन पूरा किया।
सुभाष चौक पर लगे सरकार विरोधी नारे
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो”, “नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराओ”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
युवा कांग्रेस ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि यह आंदोलन देश के लाखों छात्रों के भविष्य की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि जब तक नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक युवा कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज,युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह सहित कांग्रेस,युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

