पारिवारिक विवाद में छोटे भाई की टंगिया मारकर हत्या,आरोपी बड़ा भाई फरार

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लेपरा में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लंबे समय से चले आ रहे आपसी विवाद के बीच बड़े भाई ने छोटे भाई पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ग्राम लेपरा निवासी कैलाश धनवार और उसके छोटे भाई मथुरा धनवार के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि कैलाश धनवार ने टंगिया से मथुरा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को अस्पताल के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई।

वारदात के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।