कोरबा। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। जारी निर्देशों के अनुसार 1 अप्रैल से 30 जून तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र अब सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगे।
विभाग ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति का समय सुबह 7 बजे से 9 बजे तक तय किया गया है। इस दौरान बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा, पूरक पोषण आहार तथा अन्य आवश्यक गतिविधियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
निर्देशों में कहा गया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्र समय समाप्त होने के बाद पोषण, टीकाकरण, परामर्श एवं अन्य शासकीय कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करेंगी। हीटवेव और तेज गर्मी की स्थिति में बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई से ग्रीष्मकालीन अवधि समाप्त होने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र पुनः पुराने समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नए समय का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
