राहगीरों को ठंडा पानी, बेजुबान जानवरों के लिए भी रखे गए पानी के पात्र, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संदेश
कोरबा। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच कोरबा जिले की पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं की एक मिसाल पेश की है। सर्वमंगला चौक पर कुसमुंडा पुलिस और सर्वमंगला चौकी द्वारा आम राहगीरों और बेजुबान जानवरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है।
कुसमुंडा TI व चौकी प्रभारी की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
इस पहल का शुभारंभ कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडेय और सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी की मौजूदगी में किया गया।
राहगीरों के लिए ‘पुलिस प्याऊ’ शुरू
भीषण गर्मी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यहां ‘पुलिस प्याऊ’ शुरू किया है, जहां राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है। इससे तपती दोपहरी में सफर करने वाले लोगों को काफी राहत मिल रही है।

बेजुबान जानवरों के लिए रखा ‘कोटना’
पुलिस की यह पहल केवल इंसानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बेजुबान जानवरों के लिए भी ‘कोटना’ (पानी का पात्र) रखा गया है, जिससे मवेशी और अन्य पशु भी अपनी प्यास बुझा सकें।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में पौधों का वितरण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।
चौकी प्रभारी ने किया पौधों के संरक्षण की अपील
चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण भी करें, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण को संवारने में सहायक बन सकें।
पुलिस ने कहा- यह हमारा सामाजिक दायित्व
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राहगीरों की प्यास बुझाना और बेजुबान जानवरों का ख्याल रखना हमारा सामाजिक दायित्व है। पुलिस का कार्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है।
स्थानीय लोगों ने सराहा
कोरबा पुलिस की इस मानवीय पहल को स्थानीय लोगों ने खूब सराहा है। यह पहल साबित करती है कि खाकी वर्दी के पीछे एक संवेदनशील दिल भी धड़कता है, जो हर परिस्थिति में समाज और पर्यावरण की सेवा के लिए तत्पर है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
