पाली ब्लॉक के ग्राम करतला में समस्याएं सुनीं, मुआवजा व सुविधाओं पर दिए निर्देश
कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पाली विकासखंड के ग्राम करतला का दौरा कर प्रस्तावित अंबिका परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्र के लोग किसी भी बिचौलियों या दलालों के झांसे में न आएं, प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि वर्ष 2023 के ड्रोन सर्वे के आधार पर परियोजना अधिसूचित होने के बाद किए गए नए निर्माण पर मुआवजा नहीं दिया जाएगा, इसलिए ग्रामीण इस बात का विशेष ध्यान रखें।
ग्राम सरपंच ज्योतिष कुमार कुसरो ने एसईसीएल से जुड़े मुद्दों जैसे श्रम नियमों के अनुरूप मजदूरी नहीं मिलना, किसानों को मुआवजा न मिलना और नामांतरण पर रोक जैसी समस्याएं उठाईं।

इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार, एसईसीएल और श्रम विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्र के बाहर भूमि नामांतरण पर लगी रोक हटाने के लिए पाली एसडीएम को निर्देशित किया।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन की मांग भी रखी। कलेक्टर ने जर्जर आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण कर उसकी मरम्मत या आवश्यकता अनुसार नए भवन के निर्माण की बात कही।
इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों से राजस्व संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में आवेदन करने की अपील की।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए टीबी जांच के लिए एक्स-रे कराने की सलाह दी और बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में शिविर आयोजित किया जाएगा।
एक महिला द्वारा आवागमन में आ रही परेशानी की शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















