टीपी नगर में नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और सीएसपी चतुर्वेदी की मौजूदगी में चला विशेष चेकिंग अभियान

कोरबा।शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। टीपी नगर क्षेत्र में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक चतुर्वेदी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई का जायजा लिया।

अभियान के तहत देर शाम से रात तक वाहनों की सघन जांच की गई। संदिग्ध चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।