एनटीपीसी गोपालपुर क्षेत्र को मिलेगा नया रूप, छोटे व्यवसायियों के लिए सुरक्षित स्थान की योजना
कोरबा।कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर स्थित दर्री प्रवेश क्षेत्र को अब आकर्षक और व्यवस्थित रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। एनटीपीसी गोपालपुर दर्री क्षेत्र में ग्रीन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, साथ ही सर्वसुविधायुक्त चौपाटी और वेंडिंग जोन का निर्माण भी प्रस्तावित है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और एनटीपीसी अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग के दोनों ओर व्यापक वृक्षारोपण, उद्यानिकी कार्य और हरित पट्टी विकसित कर पूरे क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट के रूप में तैयार किया जाए। साथ ही छोटे-छोटे उद्यानों का निर्माण और जर्जर उद्यानों का जीर्णोद्धार करने पर भी जोर दिया गया।
आयुक्त ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से व्यवसाय कर रहे लघु व्यापारियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए।
इसके तहत बस स्टैंड जमनीपाली के आसपास वेंडिंग जोन और चौपाटी विकसित की जाएगी, जहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
साथ ही मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाकर व्यापारियों को इन निर्धारित स्थलों पर स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई है, जिससे यातायात सुगम हो सके।
आईओसी प्रबंधन को भी निर्देश दिए गए हैं कि डीजल- पेट्रोल टैंकरों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि सड़क किनारे अव्यवस्था और दुर्घटना की संभावना कम हो सके।
प्रशासन का मानना है कि इस योजना के पूरा होने से दर्री क्षेत्र न केवल सुंदर और व्यवस्थित बनेगा, बल्कि यातायात और व्यापार व्यवस्था भी बेहतर होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















