कुम्हार मोहल्ला में रास्ता खुला, मोतीसागरपारा में अवैध निर्माण ध्वस्त
कोरबा।नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए शहर के दो स्थानों पर कार्रवाई कर आम नागरिकों को राहत दिलाई। पुलिस बल की मौजूदगी में किए गए इस अभियान में सरकारी पट्टा भूमि और सार्वजनिक मार्ग पर हुए अवैध निर्माण को हटाया गया।
वार्ड क्रमांक 8 मोतीसागरपारा में शिकायत मिली थी कि संतोष मलिक द्वारा दूसरे व्यक्ति की पट्टा भूमि पर अवैध निर्माण कर लिया गया है। जमीन के मूल पट्टाधारी कमल पाहुजा की शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश के बाद निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
वहीं सीतामढ़ी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 स्थित कुम्हार मोहल्ला में अशोक कुमार और मनोज गुप्ता द्वारा आम रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी गई थी, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस अतिक्रमण को भी हटा दिया, जिससे क्षेत्र में रास्ता पुनः सुगम हो गया।
इस दौरान निगम के उपायुक्त नीरज कौशिक मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण कचरा वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा था, जिससे नागरिकों को परेशानी हो रही थी।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में शहर के सभी जोनों में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















