दीपका के पुष्प वाटिका और काला मैदान में अवैध कब्जे की शिकायत, कार्रवाई शुरू
कोरबा।नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वार्ड क्रमांक 11 स्थित पुष्प वाटिका और काला मैदान में अवैध कब्जे की शिकायत पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
पार्षद अविनाश सिंह द्वारा की गई शिकायत में बताया गया कि उक्त क्षेत्रों सहित मुख्य मार्ग के किनारे कई वर्षों से लोगों द्वारा अवैध रूप से भूमि पर कब्जा कर भवन निर्माण और दुकान संचालन किया जा रहा है। इससे न केवल अव्यवस्था फैल रही है, बल्कि आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही नगर पालिका की भूमि पर अतिक्रमण से शासन को राजस्व हानि भी हो रही है।
शिकायत के बाद नगर पालिका को जांच के निर्देश दिए गए, जिसके तहत संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण भी शुरू कर दिया गया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशों का पालन करते हुए जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

