84 लाख के काम में स्तरहीन सामग्री के आरोप, एक सप्ताह में मांगी गई रिपोर्ट
कोरबा।नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य में अनियमितताओं और भर्राशाही के आरोप सामने आए हैं। करीब 84 लाख रुपए के इस प्रोजेक्ट में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 01, 04-05, 05-06, 06, 10 एवं 11 में एलईडी लाइट और विद्युत पोल स्थापना कार्य में गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। प्रारंभिक जांच में लगाए गए पोल और उपयोग की गई सामग्री को मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया है।
शिकायत के आधार पर नगर पालिका प्रशासन ने 5 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में पार्षद अरूणीश तिवारी (अध्यक्ष), पार्षद इस्तखार अली, उप अभियंता शिरील भास्कर पापुला, कैशियर सचिन तेलंग और विद्युत शाखा प्रभारी हेमलाल भारिया को शामिल किया गया है।
समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह कार्य स्थल का निरीक्षण कर सामग्री की गुणवत्ता, स्वीकृत प्राक्कलन और कार्य प्रक्रिया की जांच करे तथा सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















