पाली में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, घटिया निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जेमरा उप स्वास्थ्य केंद्र में ढलाई तुड़वाने के आदेश, धीमे कार्यों पर नोटिस की तैयारी

कोरबा।पाली विकासखंड में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों को तकनीकी स्वीकृति (टीएस) के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान जेमरा में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए ढलाई कार्य को तोड़कर पुनः कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्याप्त राशि मिलने के बावजूद कार्य में गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा चैतुरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर उन्होंने निर्माण विभाग को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषपूर्ण कार्यों को तत्काल सुधारना अनिवार्य होगा।