छह घरों में छापेमारी, 359 नग चिरान बरामद; लंबे समय से चल रही कटाई की आशंका
कोरबा।बालकोनगर रेंज के सतरेंगा क्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी के भंडारण का खुलासा किया है। विभाग की टीम ने सर्च वारंट के साथ छह ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर 359 नग इमारती लकड़ी (चिरान) जब्त की, जिसकी मात्रा लगभग 5.405 घनमीटर और अनुमानित कीमत करीब 4.25 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया है कि यह लकड़ी अवैध व्यापार के उद्देश्य से संग्रहित की गई थी। जब्त लकड़ी में बीजा, साल, हल्दू सहित अन्य कीमती प्रजातियां शामिल हैं। इस कार्रवाई में वन विभाग के 15 से 20 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में चिरान बरामद होने से वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। यह आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कटाई का खेल चल रहा था, जिसकी भनक विभाग को नहीं लग पाई।
वन विभाग ने मामले में वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और संकेत दिए हैं कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले करतला क्षेत्र में भी वन तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। ऐसे में लगातार सामने आ रहे मामलों ने वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















