लालघाट चेकपोस्ट को मिली सर्वसुविधायुक्त उद्यान की सौगात, मंत्री देवांगन एवं महापौर संजूदेवी ने किया लोकार्पण

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 38 लालघाट चेकपोस्ट बस्ती के नागरिकों को शनिवार को सर्वसुविधायुक्त उद्यान की सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने नवनिर्मित रजत जयंती उद्यान का लोकार्पण कर इसे आमजन की सेवा में समर्पित किया।

इस अवसर पर मंत्री व महापौर ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर फीता काटा। कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नगर निगम द्वारा बालको जोन अंतर्गत लालघाट चेकपोस्ट मुख्य मार्ग पर करीब 21 लाख 50 हजार रुपये की लागत से इस उद्यान का निर्माण कराया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती वर्ष के तहत इसका नाम रजत जयंती उद्यान रखा गया है।

हमने बनाया, अब हम ही संवार रहे”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है और इसी क्रम में यह उद्यान जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति दे रही है और केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

बस्तीवासियों को दी बधाई
महापौर संजूदेवी राजपूत ने उद्यान को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विकास की रफ्तार बनी रहेगी और जनता के विश्वास पर खरा उतरा जाएगा।

लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।