केंदई में 51 वनवासी कन्याओं का सामूहिक विवाह, विष्णु महायज्ञ के साथ जीवन का नया अध्याय शुरू

कोरबा।जिले के सीमांत क्षेत्र केंदई स्थित स्वामी भजनानंद सेवा आश्रम में आयोजित 45वें विष्णु महायज्ञ के अंतिम दिवस 51 वनवासी कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। सेवाभावी जनों के सहयोग से संपन्न इस आयोजन में विवाह की सभी वैदिक परंपराएं संत समाज के सानिध्य में पूरी कराई गईं। नवविवाहित युगलों को आश्रम की ओर से उपहार भी प्रदान किए गए।

वार्षिक आयोजन की कड़ी में इस वर्ष का यह भव्य कार्यक्रम क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से आए लोगों की सहभागिता से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। विवाह समारोह में वर-वधुओं के परिजन और धर्मपालक भी उपस्थित रहे।

आश्रम के आचार्य हरिहरानंद ने बताया कि पिछले 45 वर्षों से वनवासी क्षेत्र में इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी आश्रम का उद्देश्य है।

देवी सम्पद मंडल के कार्यकर्ता डॉ. एम.एम. जोशी ने कहा कि केंदई आश्रम सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मलखम्भ और तीरंदाजी जैसी पारंपरिक विधाओं का प्रशिक्षण भी शुरू किया गया है, ताकि आगामी दो वर्षों में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने योग्य बनाया जा सके।

आयोजन के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि समाज यदि संगठित होकर सकारात्मक कार्यों के लिए आगे आए, तो बिना सरकारी अपेक्षा के भी बड़े सामाजिक कार्य सफलतापूर्वक किए जा सकते हैं।