मतदाता सूची पुनरीक्षण: गणना प्रपत्र में गलत जानकारी न भरने की अपील

कोरबा। राज्य में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया जारी है। 4 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का वितरण लगभग पूर्ण किया जा चुका है और वर्तमान में इन प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटलीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।

निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहयोग करते हुए गणना प्रपत्र में कोई भी गलत, भ्रामक या असत्य जानकारी न भरें। विशेष रूप से मृत व्यक्तियों, ऐसे लोग जो भारतीय नागरिक नहीं रहे, या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं इन सबके संबंध में गलत घोषणा करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत दंडनीय अपराध माना जाएगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सही जानकारी देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, जिससे मतदाता सूची शुद्ध, सटीक और अद्यतन रह सके।