कोरबा। रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती चलती ट्रेन से कूदकर उतरने की कोशिश करते हुए रेलवे ट्रैक पर गिरते-गिरते बची। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की सुझबुझ और त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
घटना 23 नवंबर की सुबह करीब 6:35 बजे की है। रायपुर जाने वाली हसदेव एक्सप्रेस (Hasdeo Express) जैसे ही कोरबा रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, दो सगी बहनें दौड़ते हुए प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगीं।
बड़ी बहन किसी तरह ट्रेन में चढ़ गई, लेकिन छोटी बहन को ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान ने पकड़कर सुरक्षित रोक लिया। अपनी छोटी बहन को प्लेटफॉर्म पर अकेला छूटता देख बड़ी बहन घबरा गई और चलती ट्रेन से ही कूदकर उतरने की कोशिश की। इस दौरान वह प्लेटफॉर्म के किनारे पर लड़खड़ा गई और ट्रैक पर गिरने वाली थी।
मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मी और टिकट निरीक्षक ने फुर्ती दिखाते हुए उसे हाथ पकड़कर खींच लिया और सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर ला खड़ा किया। हादसा देख स्टेशन पर मौजूद यात्री सांस थामकर देखते रह गए।
आरपीएफ ने युवती को न केवल बचाया बल्कि उसे और अन्य यात्रियों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने के गंभीर खतरे के बारे में समझाया।
आरपीएफ थाना प्रभारी सतीश सिंह ने कहा
“हम लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
लाउडस्पीकर से हर घंटे घोषणा की जाती है कि चलती ट्रेन में चढ़ना-उतरना जानलेवा हो सकता है। यात्रियों से अपील है कि समय से पहले स्टेशन पहुंचें और अपनी सुरक्षा का खुद ख्याल रखें।”
रेलवे के अनुसार, कोरबा समेत पूरे छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन से गिरकर होने वाले हादसों को रोकने के लिए विशेष मुहिम चल रही है। पिछले कुछ महीनों में कई ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोग जल्दबाजी के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल चुके हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















