त्योहारी सीजन के लिए पुलिस की कड़ी सुरक्षा, भीड़ में शातिरों पर पैनी नजर

कोरबा। धनतेरस और दीपावली के पांच दिवसीय त्योहारी सीजन में कोरबा और इसके उपनगरीय क्षेत्रों में बाजारों में जबरदस्त रौनक है। भीड़भाड़ के बीच असामाजिक तत्वों और शातिर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बैंकों, एटीएम, आभूषण की दुकानों और प्रमुख बाजारों में यूनिफॉर्म और सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

कोरबा, बालको नगर, कुसमुंडा, दीपका, जमनीपाली, दर्री और कटघोरा में त्योहारी खरीददारी और नकदी लेनदेन में वृद्धि के कारण सुरक्षा चुनौतियाँ बढ़ी हैं।

पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है और चेकप्वाइंट्स पर सख्ती बढ़ाई है। कई व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुरक्षा को और मजबूत किया है।

वर्ष 2020 में कोसाबादी में हुई 30 लाख रुपये की चोरी, जो आज तक अनसुलझी है, के बाद पुलिस की सतर्कता और बढ़ गई है। इस घटना को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने त्योहारी सीजन में विशेष एहतियात बरतना शुरू किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता अप्रिय घटनाओं को रोकना और जनता को सुरक्षित माहौल देना है।