चोरों का आतंक: कोरियर ऑफिस और वनकर्मी के मकान में चोरी, लाखों का माल पार

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र में चोरों की बढ़ती हरकतों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार रात चोरों ने ग्राम जेंजरा के पास स्थित एक डिलीवरी कोरियर कंपनी के ऑफिस और ग्राम सुतर्रा में एक वनकर्मी के बंद मकान को निशाना बनाया। दोनों स्थानों से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली गई।

कोरियर कंपनी के ऑफिस में चोरों ने ताला तोड़कर तिजोरी से 1,17,000 रुपये नगद चुराए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। दूसरी घटना सुतर्रा में हुई, जहां वनकर्मी के सूने मकान से चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चुरा लिया।

बताया गया कि वनकर्मी का परिवार दशहरा उत्सव के लिए गांव गया था, और चोरों ने संभवत: रेकी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। कटघोरा पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।