कोरबा/पसान। पसान थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी रामसिंह मरपच्ची (45), निवासी ग्राम रानीमान, को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
रामसिंह पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। यह हत्या 500 रुपये के लेनदेन और मृतक द्वारा मारे गए दो थप्पड़ों के विवाद के चलते हुई थी।
घटना के अनुसार, रामसिंह और मृतक कल्याण सिंह एक ही गांव के निवासी थे। रामसिंह ने कल्याण सिंह को 500 रुपये उधार दिए थे, जिसे वह छेरछेरा पर्व के दिन वापस मांग रहा था। कल्याण सिंह ने पैसे न होने की बात कहकर टालमटोल की और रामसिंह को शराब लाने को कहा।
इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में कल्याण सिंह ने रामसिंह को दो थप्पड़ जड़ दिए, जिसके बाद क्रोधित रामसिंह ने डंडे से कल्याण सिंह पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर पर कोई और मौजूद नहीं था। हत्या के बाद रामसिंह फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, रामसिंह ने अपना मोबाइल बंद रखा और परिजनों से कोई संपर्क नहीं किया। वह मरवाही में एक ईंट भट्टी पर काम करने चला गया, जहां वह कई महीनों तक छिपा रहा। पसान थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
लंबी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो पुलिस ने इनाम घोषित किया। हाल ही में मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि रामसिंह अपनी बेटी से मिलने आया है। इसके बाद पसान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पसान थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रवण विश्वकर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बताया गया कि मरवाही की ईंट भट्टी पर काम के दौरान ठेकेदार द्वारा रामसिंह को मजदूरी का पैसा नहीं दिया जाता था, केवल खाना उपलब्ध कराया जाता था, जिसके चलते वह आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। यह घटना छोटे से लेनदेन के विवाद की भयावह परिणति को दर्शाती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677