कलेक्टर की उपस्थिति में पोड़ी में धान खरीदी का हुआ शुभारंभ

कलेक्टर ने धान भंडारण व उठाव व्यवस्था की ली जानकारी

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत की उपस्थिति में गुरुवार को विकासखण्ड पोड़ी-उपरोड़ा के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित केंद्र पोड़ी में धान खरीदी कार्य का शुभारंभ हुआ। समिति में किसानों का पुष्पमाला भेंटकर स्वागत किया गया एवं इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की विधिवत शुरुआत की गई।


ग्राम टुनियाकछार के कृषक माधुरी देवी एवं उनके पति जेपी सिंह द्वारा लगभग 10 क्विंटल धान विक्रय हेतु उपार्जन केंद्र लाया गया था। कलेक्टर ने कृषक माधुरी देवी को शुभकामनाएं देते हुए समिति प्रबंधक को धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित कराने हेतु केंद्र में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने एवं सभी समितियों में गुणवत्ता युक्त धान खरीदी करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि समिति में किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, सभी अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें।

कलेक्टर ने केंद्र में धान की नमी परीक्षण का जांच करते हुए बारदाना उपलब्धता, धान भंडारण एवं उठाव व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने हमाल पंजी, बारदाना पंजी सहित केंद्र में संधारित किए जाने वाले सभी पंजियों का अवलोकन किया। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की सतत निगरानी रखने एवं अवैध धान की बिक्री पर रोक लगाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

इस अवसर पर एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा तुला राम भारद्वाज, जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर, उप पंजीयक सहकारिता श्रीमती पूर्णिमा सिंह, जिला विपणन अधिकारी श्रीमती जाह्नवी जिलहरे, नोडल कॉपरेटिव बैंक एसके जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के कर्मचारी उपस्थित थे।