पुल की बाहर निकली सरिया सात दिन में होगी दुरुस्त

कलेक्टर ने किया सड़कों और पुलों का निरीक्षण, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के दिए निर्देश

कोरबा। शहर की सड़कों और पुलों पर मौजूद खामियों से हादसों का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न मार्गों और पुलों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को जरूरी मरम्मत समय-सीमा में पूरी करने को कहा। दर्री बैराज से राताखार बायपास मार्ग पर हसदेव नदी के पुल से बाहर निकली सरियों को सात दिन के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश सेतु विभाग को दिए गए हैं।

पुल की स्थिति देखकर जताई नाराजगी
कलेक्टर ने हसदेव नदी के पुल पर पैदल चलकर सड़क से बाहर निकली सरियों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए सेतु विभाग के अधिकारियों को सात दिन के भीतर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जिन पुलों पर सरिया बाहर निकल आई है, उनका निरीक्षण कर समय रहते सुधार कार्य कराया जाए, ताकि आवागमन करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

दर्री बैराज के पास और दर्री बैराज से राताखार बायपास मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को सड़क की मरम्मत और बीटी कार्य सात दिन के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रिसदी चौक से परसाभाठा-बजरंग चौक होते हुए रूमगरा तथा ध्यानचंद चौक-दर्री मार्ग के सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा।

29 करोड़ से बनेगी टू-लेन सीसी सड़क
ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क के निर्माण के लिए डीएमएफ मद से करीब 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

प्रस्तावित फोरलेन और सड़क चौड़ीकरण का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीतामढ़ी चौक से इमलीडुग्गू गौमाता चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क तथा रेलवे स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग से मानिकपुर मार्ग पर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्यों की स्थिति भी देखी। उन्होंने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी कर इन कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जीआर जांगड़े, एसडीएम सरोज महिलांगे, एसडीओ राकेश द्विवेदी, नगर निगम के जोन कमिश्नर तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।