कमला नेहरू महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने किया श्रमदान, पुरानी बस्ती में निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
कोरबा।कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा की एनसीसी इकाई द्वारा गुरुवार को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट अनिता यादव के दिशा-निर्देशन में एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही पुरानी बस्ती क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान कैडेट्स ने कॉलेज परिसर एवं आसपास बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्र कर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दिया। रैली के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या किसी विशेष अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा और संस्कार बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब अनुशासित युवा समाज के बीच जाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं, तो उसका सकारात्मक और दूरगामी प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने एनसीसी कैडेट्स द्वारा किए गए श्रमदान और जागरूकता गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
अभियान में महाविद्यालय की सीनियर अंडर ऑफिसर राहुल विश्वकर्मा, सार्जेंट भारती साहू, सार्जेंट आर्यन यादव, अवनी, राकेश सहित अन्य एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















