खुले नाले में गिरा युवक, सीढ़ी के सहारे निकाला गया बाहर

साईं पैलेस के पास हादसा, नाले की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा।शहर के डीडीएम मार्ग स्थित साईं पैलेस के समीप एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मुड़ापार क्षेत्र का बाइक सवार युवक ओम प्रकाश खुले नाले में जा गिरा। हादसे में युवक को हल्की चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन नाले की गहराई और उसमें भरे दलदल के कारण काफी मशक्कत करनी पड़ी। रस्सी से प्रयास विफल होने के बाद अंततः सीढ़ी डालकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सीढ़ी का आधा हिस्सा भी नाले के दलदल में धंस गया था, जिससे नाले की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण उसमें भारी मात्रा में कीचड़ और गंदगी जमा हो गई है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि कोई बच्चा इसमें गिर जाए तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता है।

नाले की इस स्थिति को लेकर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि सफाई ठेकेदार केवल औपचारिकता निभा रहे हैं, जिससे करोड़ों की लागत से बने नाले का उद्देश्य ही समाप्त होता नजर आ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल नाले की सफाई कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।