विकास नगर कॉलोनी में जर्जर आवास,छज्जा गिरने से मचा हड़कंप

एमडी-106 क्वार्टर का हिस्सा ढहा, परिवार बाल-बाल बचा, सुरक्षा पर उठे सवाल

कोरबा।कोरबा जिले के एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र स्थित विकास नगर कॉलोनी में खदान कर्मियों के आवासों की जर्जर स्थिति एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार को एमडी-106 नंबर क्वार्टर का छज्जा अचानक मिट्टी के ढेर की तरह ढह गया। गनीमत रही कि उस समय घर में मौजूद परिवार सुरक्षित बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यह घटना कॉलोनी में रह रहे सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश क्वार्टर लंबे समय से मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुके हैं, लेकिन संबंधित प्रबंधन द्वारा इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में भय का माहौल है।

उन्होंने आवासों की तत्काल मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

इस तरह की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दिन बड़ा नुकसान हो सकता है।