बीजापुर : माओवादी विरोधी अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता, 07 नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

बीजापुर।बीजापुर में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना नैमेड़, कोबरा 210 बटालियन और थाना भोपालपटनम् की संयुक्त एवं स्वतंत्र टीमों ने कुल 07 माओवादी कैडर एवं सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से टिफिन बम, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।


नैमेड़-कोबरा की संयुक्त कार्रवाई
नैमेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कांडका-जपेली जंगल में सर्चिंग के दौरान पुलिस और कोबरा 210 बटालियन की संयुक्त टीम ने 05 सक्रिय माओवादियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
कमलू ओयाम (33 वर्ष), मोसला आरपीसी भूमकाल मिलिशिया सदस्य, निवासी कचीलवार

लक्ष्मण उरसा (30 वर्ष), मोसला आरपीसी जीआरडी डिप्टी कमांडर, निवासी कचीलवार

लेकाम आयतु (34 वर्ष), मोसला आरपीसी डीएकेएमएस सदस्य, निवासी कचीलवार पटेलपारा

लच्छू ओयाम (39 वर्ष), मोसला आरपीसी जनताना सरकार सदस्य, निवासी कचीलवार सरपंचपारा

पंडरू उरसा (31 वर्ष), दुरधा आरपीसी डीएकेएमएस सदस्य, निवासी दुरधा

इनके पास से टिफिन बम, कॉर्डेक्स वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है।

भोपालपटनम् पुलिस की कार्रवाई
थाना भोपालपटनम् क्षेत्र के मट्टीमरका मार्ग पर मोबाइल चेकिंग पोस्ट (एमसीपी) के दौरान वाहन चेकिंग में पुलिस ने दो माओवादी सहयोगियों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
मड़े लक्ष्मीनारायण उर्फ मड़े लक्ष्मैया (20 वर्ष), निवासी मट्टीमरका
लक्ष्मण चिडेम उर्फ लक्ष्मीनारायण (21 वर्ष), निवासी मट्टीमरका

इनके पास से टिफिन बम, डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक वायर और कोर्डेक्स वायर बरामद किए गए।

सभी सातों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई तथा उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक बीजापुर ने बताया कि जिले में माओवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।