चोट और सीसीटीवी के आधार पर मामले का खुलासा

महादेव सट्टा एप के आरोपी की भूमिका थी कोयला कारोबारी की हत्या में

कोरबा। रजगामार में कोयला कारोबारी अनिल यादव की मौत होली के दौरान हो गई थी। जांच पड़ताल के दौरान कई कडिय़ां जुड़ी। सीसीटीवी फुटेज से कई रहस्य उजागर हुए। पुलिस ने इस आधार पर अर्पित अग्र्रवाल के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है। वह इससे पहले महादेव सट्टा एप में आरोपी बनाया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि प्रकरण में अगली कार्यवाही की जा रही है।


जानकारी के अनुसार चौकी रजगामार थाना बालको नगर में मर्ग क्रमांक 34/2025 धारा 194 बीएनएस कायम कर जॉच किया गया। जांच पर गवाहों के कथन व सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से पता चला कि मृतक अनिल यादव, निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी, खरमोरा घटना दिनांक 14 मार्च की शाम को होली खेलने रजगामार गया हुआ था और लौटते वक्त प्रेम नगर में किसी बात को लेकर अर्पित अग्रवाल से विवाद हुआ।

तब अर्पित अग्रवाल एवं उसके दोस्तो के द्वारा अनिल यादव से मारपीट की गई जिससे वह वहीं पर बेहोश हो गया था। अर्पित के दोस्तों ने उसे उठाकर गली के किनारे रखकर पानी डाले थे और उसे इलाज के लिये अस्पताल नहीं ले गये थे, वहीं छोडक़र भाग गये थे।

कुछ समय पश्चात पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी को सूचना मिलने पर विनोद वर्मा की सहायता से पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी में ही बेहोश अनिल यादव को इलाज हेतु जिला अस्पताल लेकर गये जहां डॉक्टर द्वारा चेक कर मृत घोषित कर दिया गया।

मर्ग जांच पर गवाहों के कथन, घटनास्थल का निरीक्षण, प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से मृतक अनिल यादव की मृत्यु घटना दिवस को अर्पित अग्रवाल एवं उसके दोस्तों के द्वारा मारपीट करने के कारण से हृदयाघात से होना पाया गया है।

चौकी प्रभारी द्वारा जांच पर आरोपीगणों के विरूद्ध अपराध धारा 103 (1) 3(5) बीएनएस का अपराध घटित करना पाये जाने से पृथक से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पूरे मामले को सुलझाने में स्थानीय पुलिस की भूमिका और रणनीति कारगर रही।