प्रभारी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने किया निरीक्षण, तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने पर जोर
कोरबा।जिले में सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को गति देने के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग के सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत और विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और कार्यों में आ रही बाधाओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित समय में काम पूरा हो सके और नागरिकों को इसका लाभ मिले।
उन्होंने सड़कों के बीटी पैच मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने पर जोर दिया। इससे आम लोगों का आवागमन सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं के कारण प्रगति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
औद्योगिक कॉरिडोर सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण
प्रभारी सचिव ने कटघोरा-हरदीबाजार-बलौदा-अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हरदीबाजार- तरदा- सर्वमंगला- इमलीछापर मार्ग का निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की स्थिति देखी। इसके अलावा उन्होंने ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क का भी जायजा लिया। 2.84 किलोमीटर लंबी इस सड़क की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभागीय अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी की स्थिति न बनने दें।
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, अधीक्षण अभियंता (वि./यां.) सुरेश भूपल, कोरबा संभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े सहित विभागीय अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















